रिफाइंड और एसेंस से बन रहा था नकली घी, टूंडला में एफएसडीए का छापा; आगरा तक होती थी सप्लाई
आगरा/टूंडला। आगरा से सटे टूंडला में रिफाइंड तेल और विभिन्न प्रकार के एसेंस की मदद से कथित रूप से नकली घी बनाने का बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने शनिवार शाम चूल्हावली रोड स्थित एक प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध घी बरामद किया। कार्रवाई के दौरान करीब 5.40 लाख रुपये मूल्य के 34 टीन घी जब्त कर सीज कर दिए गए हैं। विभाग आरोपी कारोबारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।
एफएसडीए के सहायक आयुक्त खाद्य चंदन पांडे के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह छापा मारा। जांच के दौरान टूंडला के मस्जिद रोड निवासी विवेक गुप्ता के प्रतिष्ठान पर घी निर्माण का कार्य चलता हुआ मिला। अधिकारियों ने मौके पर पाया कि रिफाइंड तेल और विभिन्न एसेंस मिलाकर घी जैसा उत्पाद तैयार किया जा रहा था।
पूछताछ में कारोबारी ने दावा किया कि तैयार उत्पाद खाद्य उपयोग के लिए नहीं है और इसका इस्तेमाल अन्य कार्यों में किया जाता है। हालांकि विभागीय जांच में यह तथ्य सामने आया कि तैयार माल की आपूर्ति आगरा सहित बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में की जा रही थी।
एफएसडीए टीम ने मौके से बरामद घी और अन्य सामग्री के नमूने लेकर विशेष वाहक के माध्यम से त्वरित परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि इस नेटवर्क के माध्यम से नकली घी की सप्लाई किन-किन बाजारों और व्यापारियों तक की जा रही थी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। खाद्य विभाग का कहना है कि मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।