मुस्लिम समाज और धार्मिक ग्रंथ कुरान पर आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल, आरोपी युवक की पहचान;गिरफ्तारी जल्द
हाथरस:-थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव पहाड़पुर निवासी एक युवक का कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक मुस्लिम समाज के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करता हुआ दिखाई और सुनाई दे रहा है। साथ ही पवित्र धार्मिक ग्रंथ कुरान के संबंध में भी कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में दो युवक बाइक पर सवार दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बाइक चला रहा युवक कथित तौर पर मुस्लिम समाज को लेकर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर रहा है। इसके अलावा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियां भी वीडियो में सुनाई दे रही हैं। वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि किसी भी धर्म, समुदाय या धार्मिक ग्रंथ के प्रति इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग समाज में वैमनस्य फैलाने का कार्य करता है। लोगों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
मामले का संज्ञान लेते हुए हाथरस जंक्शन पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्तियों की पहचान की जा रही थी, जिसमें मुख्य आरोपी की पहचान पहाड़पुर निवासी सीटू के रूप में होने की बात सामने आई है।
थाना प्रभारी हाथरस जंक्शन ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है।उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म, धार्मिक ग्रंथ या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है और जल्द ही उसे हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री साझा न करें। ऐसी सामग्री मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।