आगरा में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: 4 पंचायत सहायकों की सेवा समाप्त, 135 को कारण बताओ नोटिस
आगरा। जिला पंचायत राज विभाग ने पंचायत सहायकों की कार्यप्रणाली की समीक्षा के बाद बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। समीक्षा में कई पंचायत सहायकों द्वारा अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन न करने और गंभीर लापरवाही सामने आने पर चार पंचायत सहायकों को सेवामुक्त कर दिया गया है, जबकि 135 पंचायत सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि विभिन्न विकास खंडों से प्राप्त आख्या और ग्राम पंचायतों के प्रस्तावों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। समीक्षा में पाया गया कि कई पंचायत सहायक लंबे समय से नियमित रूप से कार्य नहीं कर रहे थे तथा अपने दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही बरत रहे थे।
विभागीय जांच में 135 पंचायत सहायकों के खिलाफ ओएसआर (OSR) से अर्जित आय ग्राम पंचायत के खाते में जमा न करना, नियमित उपस्थिति दर्ज न करना, ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगाना तथा निर्धारित कार्यों का निष्पादन न करना जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके चलते उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जो पंचायत सहायक पंचायत सचिवालय में समय से उपस्थित नहीं हो रहे हैं और ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध भी सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
साथ ही पंचायत राज विभाग ने बेहतर कार्य करने वाले पंचायत सहायकों को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है। ग्राम पंचायतों के माध्यम से अधिकतम सेवाएं उपलब्ध कराने और स्वयं के प्रयासों से अधिक आय अर्जित करने वाले पंचायत सहायकों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा।
सेवामुक्त किए गए पंचायत सहायक
नवीन कुमार – ग्राम पंचायत बलाई
नीतू – ग्राम पंचायत औंध
रूबी – ग्राम पंचायत नगला दलेल
राहुल – ग्राम पंचायत करकौली, विकास खंड पिनाहट
जिला पंचायत राज विभाग की इस कार्रवाई को पंचायत व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।