आगरा में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: पीएनबी शाखा प्रबंधक रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, कई घंटे चली जांच
आगरा। आगरा के जैतपुर क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की भदरौली शाखा में गुरुवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधक को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की टीम कई घंटे तक बैंक में जांच-पड़ताल करती रही और आवश्यक दस्तावेज कब्जे में लेने के बाद आरोपी प्रबंधक को अपने साथ ले गई। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
सोलर लोन की फाइलों के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मामला सोलर पैनल लगाने के लिए बैंक से मिलने वाले ऋण से जुड़ा है। सोलर पैनल स्थापित कराने वाले उपभोक्ताओं को बैंक के माध्यम से ऋण और बाद में सरकारी सब्सिडी का लाभ मिलता है।
एक निजी कंपनी के कर्मचारी ने सीबीआई से शिकायत की थी कि उसने सोलर लोन की 19 फाइलें पीएनबी की भदरौली शाखा में जमा कराई थीं। आरोप है कि बैंक द्वारा पहले ही ऋण स्वीकृत किए जाने के बावजूद शाखा प्रबंधक प्रत्येक फाइल पर 7,000 रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे।
सीबीआई ने बिछाया जाल, 30 हजार रुपये लेते ही दबोचा
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता और बैंक प्रबंधक के बीच बातचीत के बाद 19 फाइलों के एवज में 30,000 रुपये देने पर सहमति बनी। इसके बाद सीबीआई की करीब 12 सदस्यीय टीम आगरा पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए बैंक प्रबंधक को कथित रूप से 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान सीबीआई ने बैंक से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए। कई घंटे तक जांच और पूछताछ के बाद टीम आरोपी शाखा प्रबंधक को अपने साथ ले गई।
फिलहाल सीबीआई पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।