आगरा विकास मेले में गूंजी ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की अलख, गर्भवती माताओं की गोद भराई और शिशुओं का अन्नप्राशन हुआ आयोजित
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत बीएसएनएल ग्राउंड में चल रही विकास प्रदर्शनी एवं मेले में शुक्रवार को विभिन्न विभागों द्वारा जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से गर्भवती माताओं की गोद भराई एवं शिशुओं का अन्नप्राशन कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन कर बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता का संदेश दिया गया। कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से समाज में बेटियों के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों को जागरूक किया।
विकास मेले में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी तथा आकर्षक सेल्फी प्वाइंट लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। युवाओं और आगंतुकों ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या की थीम पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर उत्साहपूर्वक फोटो खिंचवाए। वहीं चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का अवलोकन किया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विकास प्रदर्शनी एवं मेले के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।