अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आगरा बनेगा योगमय: एकलव्य स्टेडियम में 5 हजार लोग करेंगे सामूहिक योग
आगरा। 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अवसर पर आगरा के एकलव्य स्टेडियम में एक साथ 5,000 से अधिक लोग सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। वहीं नगर निगम, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, सामाजिक संस्थाओं तथा विभिन्न सरकारी विभागों के सहयोग से शहर के पार्कों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी डॉ. हरिओम ने योग दिवस की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर आयोजन किए जाएं।
बैठक में बताया गया कि आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार योग दिवस के अवसर पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों पर योगाभ्यास, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों में योग कार्यक्रम तथा योग सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों की फोटो और जानकारी kavach.upayush.in पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
यहां होंगे प्रमुख आयोजन
मुख्य कार्यक्रम एकलव्य स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां 5,000 लोग सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
इसके अलावा दूसरा प्रमुख कार्यक्रम पालीवाल पार्क में नगर निगम और डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। वहीं जनपद की सभी तहसीलों, ब्लॉकों, ग्राम पंचायतों, कॉलोनियों, पार्कों और विभिन्न संस्थानों में भी योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) अमरेंद्र कुमार वर्मा, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, बीएसए राकेश सिंह, डीएसओ आनंद सिंह, रोडवेज आरएम बी.पी. अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का लक्ष्य इस वर्ष योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना है, ताकि “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।