5 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ: सांसद राजकुमार चाहर ने कार्यकर्ताओं को बनाया विकास अभियान का भागीदार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 23 जून 2026

5 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ: सांसद राजकुमार चाहर ने कार्यकर्ताओं को बनाया विकास अभियान का भागीदार

5 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ: सांसद राजकुमार चाहर ने कार्यकर्ताओं को बनाया विकास अभियान का भागीदार

आगरा। फतेहपुर सीकरी से सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने सोमवार को अपने लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के शुभारंभ के साथ संगठन और सरकार के समन्वय का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की त्वरित विकास योजना के अंतर्गत लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से 8 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।

प्रतापपुरा स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में सांसद राजकुमार चाहर ने विकास योजनाओं को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं को भी इस प्रक्रिया का भागीदार बनाया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहे वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता रतिराम पंडित, जिन्हें मुख्य अतिथि का सम्मान प्रदान किया गया। इस पहल को संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता केदार सिंह चाहर ने की। सांसद चाहर ने संबंधित क्षेत्रों के मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को नारियल भेंट कर विकास कार्यों के भूमि पूजन की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि जहां-जहां विकास कार्य प्रस्तावित हैं, वहां स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की सहभागिता से भूमि पूजन कराया जाए।

सांसद ने कहा कि विकास कार्य केवल सरकारी योजनाएं नहीं हैं, बल्कि जनता और संगठन की साझी भागीदारी से आगे बढ़ने वाला अभियान हैं। उन्होंने बताया कि शुरू की गई परियोजनाओं में उत्सव भवन निर्माण, सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

राजकुमार चाहर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में भी विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और सुशासन के संकल्प को धरातल पर उतार रही है। प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है और विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ रही है।

कार्यक्रम का संचालन हीरा सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री सत्यदेव दुबे, सत्यप्रकाश लोधी, शिवकुमार प्रमुख, सहदेव शर्मा, उमाशंकर माहौर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार सांसद राजकुमार चाहर की यह पहल केवल विकास परियोजनाओं के शुभारंभ तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान और जिम्मेदारी देकर उन्हें सीधे विकास प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास भी है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और सरकार की योजनाओं को गांव स्तर तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।

video

Pages