आगरा:मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों पर सपा का हमला, निष्पक्ष जांच न हुई तो आंदोलन की चेतावनी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 23 जून 2026

आगरा:मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों पर सपा का हमला, निष्पक्ष जांच न हुई तो आंदोलन की चेतावनी

आगरा:मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों पर सपा का हमला, निष्पक्ष जांच न हुई तो आंदोलन की चेतावनी

आगरा। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोटों के फेरबदल को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी लगातार शिकायतें और प्रमाण एकत्र कर रही है तथा उसके पास ऐसे दस्तावेज उपलब्ध हैं, जिनमें एक ही व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होने और कुछ मामलों में एक ही मतदाता का नाम कई बार शामिल होने के प्रमाण हैं।

पत्रकार वार्ता में शब्बीर अब्बास ने कहा कि आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर और आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में असामान्य वृद्धि तथा मतदाता सूची में हुए बदलावों को लेकर जनता में व्यापक असंतोष है। उनके अनुसार बड़ी संख्या में लोगों ने अपने नाम मतदाता सूची से गायब होने, गलत स्थान पर स्थानांतरित होने और संदिग्ध तरीके से नए नाम जोड़े जाने की शिकायतें समाजवादी पार्टी को दी हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में "एक व्यक्ति, एक वोट" का सिद्धांत सर्वोपरि है। यदि किसी व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज है अथवा मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी हुई है, तो उसकी उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। सपा पूरे मामले की स्वतंत्र जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करती है।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे समय में यदि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी प्रश्नचिह्न लगते हैं, तो यह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता सीधे जनता के संवैधानिक अधिकारों को प्रभावित करती है।

शब्बीर अब्बास ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। यदि प्रशासन और निर्वाचन से जुड़े अधिकारी प्रस्तुत किए गए तथ्यों एवं प्रमाणों का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच नहीं कराते हैं, तो समाजवादी पार्टी महानगर आगरा धरना, प्रदर्शन, जनजागरण अभियान और विशाल विरोध कार्यक्रम आयोजित कर व्यापक जनआंदोलन करेगी।

इस दौरान सपा नेताओं ने पत्रकारों के समक्ष एसआईआर के दौरान हुई कथित वोटों की धांधली से संबंधित दस्तावेज और उदाहरण भी प्रस्तुत किए। उन्होंने आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर और आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्रों में कथित गलत वोटों के मामलों को उठाते हुए जांच की मांग दोहराई।

कार्यक्रम में महानगर महासचिव पुष्पेंद्र शर्मा, समीर अब्बास, जिया चौधरी, हर्षवर्धन धाकड़, जमील सिद्दीकी, सतीश चाहर, राहुल शाक्य, आकाश शर्मा, श्रवण सोनकर एवं रूबी जादौन सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

video

Pages