आगरा पुलिस का सट्टा माफिया पर बड़ा प्रहार: 6 सटोरिये गिरफ्तार, ₹9.17 लाख नकद व सट्टे की पर्चियां बरामद
आगरा। शहर में अवैध सट्टे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए थाना रकाबगंज और थाना सदर पुलिस की संयुक्त टीम ने सट्टे की खाईबाड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹9,17,042 नकद तथा भारी मात्रा में सट्टे की पर्चियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपक पुत्र रमेश (निवासी ईदगाह कटरा, थाना रकाबगंज), योगेश पुत्र कन्हैयालाल (आवास विकास कॉलोनी, बोदला, थाना जगदीशपुरा), दीपक पुत्र नानकचंद (ईदगाह वाली गली, सिर की मंडी, थाना लोहामंडी), मनीष पुत्र रवि सिंह (ईदगाह कॉलोनी, थाना रकाबगंज), जाकिर पुत्र हबीब (राजनगर नई आबादी, थाना लोहामंडी) तथा वकील पुत्र बब्बू (नाला मस्जिद, थाना मलपुरा) शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह लंबे समय से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संगठित तरीके से अवैध सट्टे की खाईबाड़ी का कारोबार चला रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने ₹9.17 लाख से अधिक की नकदी के साथ बड़ी संख्या में सट्टे की पर्चियां बरामद कीं, जो अवैध कारोबार के संचालन का महत्वपूर्ण साक्ष्य मानी जा रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के मुख्य आरोपी दीपक के खिलाफ पहले भी जुआ अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा अवैध धन के स्रोत की भी जांच कर रही है।
आगरा पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।