आगरा में जूते की फैक्ट्री में भीषण आग, सात दमकल गाड़ियों ने पौने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 26 जून 2026

आगरा में जूते की फैक्ट्री में भीषण आग, सात दमकल गाड़ियों ने पौने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

आगरा में जूते की फैक्ट्री में भीषण आग, सात दमकल गाड़ियों ने पौने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के गढ़ी भदौरिया इलाके में गुरुवार दोपहर एक जूते की फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया और दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

घटना ढाकरी के महल के पास स्थित "शिव बाबाजी हाउस" नामक दो मंजिला भवन में संचालित जूते की फैक्ट्री की है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और थाना जगदीशपुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की सात गाड़ियों को लगाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब पौने दो घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग फैक्ट्री की पहली मंजिल पर लगी थी, जिससे दमकल कर्मियों को आग तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, क्षेत्र की संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों की आवाजाही और पानी की आपूर्ति भी चुनौतीपूर्ण रही। पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए दमकल गाड़ियों को कई बार फेरे लगाने पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद काफी देर तक फैक्ट्री से ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं निकलता रहा। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।

राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय फैक्ट्री में मौजूद सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए। इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। आग से फैक्ट्री में रखे जूते, कच्चा माल और अन्य सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

video

Pages