आगरा में रिश्तों का कत्ल: 70 हजार रुपये के लिए छोटे भाई ने बड़े भाई पर किया जानलेवा हमला, अस्पताल में भर्ती
कमरे में बुलाकर किया हमला, छोटे भाई की करतूत से परिवार दहशत में
जनपद आगरा:-जिले के थाना शाहगंज क्षेत्र में 70 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि छोटे भाई ने बड़े भाई पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
रामनगर निवासी ललित ने बताया कि उसके छोटे भाई रोहित ने उससे 70 हजार रुपये उधार लिए थे। बुधवार शाम करीब 8 बजे उसने रोहित से अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि रोहित ने कुछ देर बाद रुपये लौटाने की बात कही और घर से बाहर चला गया। कुछ समय बाद वह नशे की हालत में घर वापस लौटा।
ललित के अनुसार रात करीब 9 बजे रोहित की पत्नी तन्नू ने उसे छत पर बने कमरे में बुलाया। जैसे ही वह कमरे में पहुंचा, वहां पहले से मौजूद रोहित ने लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि रोहित ने उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घायल ललित ने बताया कि उसकी चीख-पुकार सुनकर पत्नी पायल उसे बचाने पहुंची, लेकिन उसके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि तन्नू ने पायल के साथ हाथापाई की और हमले के दौरान रोहित का साथ दिया।
घटना के बाद परिजनों ने ललित को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी मां कमलेश देवी ने थाना शाहगंज में तहरीर देकर आरोपी पुत्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी शाहगंज ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ललित ने आरोप लगाया कि रोहित पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है तथा उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। उसने यह भी दावा किया कि रोहित नशे का आदी है और लंबे समय से परिवार के सदस्यों को परेशान करता रहा है। आरोप है कि वह अपने माता-पिता को भी धमकियां देता है, जबकि उसकी पत्नी भी परिवार के साथ विवाद करती रहती है।