भिलावली फायरिंग कांड में पुलिस की बड़ी सफलता, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 2 जून 2026

भिलावली फायरिंग कांड में पुलिस की बड़ी सफलता, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

भिलावली फायरिंग कांड में पुलिस की बड़ी सफलता, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

आगरा। थाना खेरागढ़ क्षेत्र के ग्राम भिलावली में हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 31 मई को ग्राम भिलावली में हुई फायरिंग की घटना के संबंध में थाना खेरागढ़ पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।

इसी क्रम में चौकी दूदाधारी क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गए।

मुठभेड़ के दौरान आरोपी शिवकुमार उर्फ भोला के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं उसका साथी संदीप उर्फ ससिया को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक 12 बोर राइफल, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया गया है।

इस संबंध में खेरागढ़ की एसीपी श्रीमती प्रीता ने बताया कि भिलावली फायरिंग प्रकरण में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल आरोपी का उपचार कराया जा रहा है तथा बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

video

Pages