कारसदेव मंदिर भूमि विवाद में वांछित दंपती गिरफ्तार, फतेहाबाद पुलिस ने फिरोजाबाद से दबोचा
आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस ने कारसदेव मंदिर की भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में वांछित एक अभियुक्त और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को जनपद फिरोजाबाद से पकड़कर न्यायिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल को बरना निवासी श्यामवीर ने थाना फतेहाबाद में तहरीर देकर बताया था कि गांव स्थित कारसदेव मंदिर की भूमि पर अमर सिंह द्वारा कथित रूप से कब्जा किया गया था। इस भूमि का विवाद तहसील फतेहाबाद में विचाराधीन था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर अमर सिंह ने अपने परिजनों के साथ मिलकर वादी पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना फतेहाबाद में मुकदमा संख्या 96/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गईं।
पुलिस आयुक्त एवं पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अमर सिंह पुत्र राधाचरण तथा उसकी पत्नी रामश्री को जनपद फिरोजाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई भी जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को लगातार चलाया जाएगा।