आगरा में युवक पर जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, ईंट-पत्थरों से किया था हमला
आगरा। थाना एकता क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट कर ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में शामिल बाबू उर्फ सरफराज को उसके घर से दबिश देकर गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को वादी ने थाना एकता में शिकायत दर्ज कराई थी कि अन्नू नागर ने उसके भाई को फोन कर ऑक्सीजन जिम के पास बुलाया। वहां पहुंचने पर अन्नू नागर, सोहिल खान तथा उनके 4-5 साथियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब वादी ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपियों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में वादी के भाई के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त कर दी गई।
घटना के संबंध में थाना एकता पर मुकदमा अपराध संख्या 211/26 के तहत धारा 191(2), 115(2), 352, 324(4) एवं 125 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त नगर जोन, आगरा के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा के पर्यवेक्षण में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान बाबू उर्फ सरफराज का नाम प्रकाश में आया।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना एकता पुलिस टीम ने आरोपी बाबू उर्फ सरफराज को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी लगातार दबिश दे रही है।