डेढ़ माह पुराने मारपीट मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, फतेहाबाद-डौकी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में लाठी-डंडों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को थाना फतेहाबाद एवं थाना डौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर खेतों से की गई।
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 को वादी ने थाना फतेहाबाद में तहरीर देकर बताया था कि उसके गांव के रामनेश उर्फ बंशी, ओमवीर, जोगेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, प्रहलाद, सोनू सिंह, विष्णू, हरी, अमरेश सिंह, अतेन्द्र सिंह, गौरव सिंह तथा अन्य लोगों ने उसके पुत्र के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। जब वादी ने इसका कारण पूछा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार, शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वादी और उसके पुत्र को गंभीर अवस्था में छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस संबंध में थाना फतेहाबाद पर मुकदमा अपराध संख्या 108/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आयुक्त आगरा, अपर पुलिस आयुक्त तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद द्वारा विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
इसी क्रम में 16 जून 2026 को थाना फतेहाबाद और थाना डौकी पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में वांछित आरोपियों की तलाश एवं चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में वांछित आरोपी रामनेश उर्फ बंशी पुत्र रामभरोसी को उसके मकान के पास स्थित खेतों से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।