आगरा केमिस्ट एसोसिएशन और राज्य कर विभाग के बीच व्यापारी संवाद, जीएसटी और कर संबंधी विषयों पर हुई चर्चा
आगरा। राज्य कर विभाग, आगरा खंड-5 एवं आगरा केमिस्ट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को एक व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों और विभाग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा जीएसटी एवं कर संबंधी समस्याओं का समाधान करना रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया और अपने व्यापार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विभागीय अधिकारियों के साथ खुलकर चर्चा की। व्यापारियों ने कर व्यवस्था, जीएसटी अनुपालन और विभागीय प्रक्रियाओं से संबंधित सवाल भी रखे।
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने कहा कि व्यापारियों का देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। व्यापारियों द्वारा जमा किए गए कर से ही विकास कार्य संचालित होते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान उनके बीच पहुंचकर किया जाए। उन्होंने व्यापारियों से सीधे अधिकारियों के साथ संवाद बनाए रखने का भी आह्वान किया।
उपायुक्त मृत्युंजय सिंह ने व्यापारियों को ई-वे बिल, इनवॉयस और क्रेडिट नोट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी व्यापारी अपने जीएसटी पंजीकरण में मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी को अपडेट रखें, ताकि विभागीय नोटिस समय पर प्राप्त हो सकें और समय रहते जवाब देकर अनावश्यक पेनल्टी से बचा जा सके।
सहायक आयुक्त सांची रस्तोगी ने जीएसटी पंजीकरण, व्यापारिक दावों और जीएसटी 2.0 के तहत किए जा रहे सुधारों की जानकारी दी। वहीं राज्य कर अधिकारी चंद्रशेखर ने व्यापारियों को समाधान योजना और विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे विभिन्न लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया। उपायुक्त मृत्युंजय सिंह ने व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें नियमों और प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया।
व्यापारी संवाद कार्यक्रम में व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि, दवा व्यापारी और राज्य कर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभाग और व्यापारियों के बीच समन्वय बढ़ाना तथा कर प्रणाली को अधिक सरल और पारदर्शी बनाना रहा।