आगरा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेवामित्र पोर्टल/एप/कॉल सेंटर पर उपलब्ध सेवाओं के उपयोग के संबंध में समीक्षा बैठक हुई संपन्न, दिए निर्देश।
आगरा:- जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेवामित्र पोर्टल/एप/कॉल सेंटर पर उपलब्ध सेवाओं के उपयोग तथा उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में बताया गया कि जनपद आगरा में सेवामित्र हेतु कुल 46 सेवा प्रदाता तथा 85 सेवामित्र पंजीकृत हैं। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन की शासी परिषद, राज्य संचालन समिति, राज्य कार्यकारी समिति एवं राज्य कार्यक्रम प्रबंधन समिति द्वारा निर्गत निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सेवामित्र पोर्टल के माध्यम से अधिकाधिक सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जाए तथा सेवा प्रदाताओं एवं सेवामित्रों की सक्रियता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में सेवामित्र पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं, रोजगार मेला एवं करियर काउंसिलिंग कार्यक्रमों, एकीकृत पोर्टल ‘रोजगार संगम’ पर प्रदेश एवं विदेश में रोजगार चाहने वाले अभ्यर्थियों तथा कुशल श्रमिकों के पंजीकरण, जिले के समस्त व्यावसायिक, उच्च, चिकित्सा एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, निजी कंपनियों तथा भतÊ एवं प्लेसमेंट एजेंसियों के पंजीकरण की समीक्षा की गई। साथ ही जिले के सभी नियोक्ताओं का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण तथा मिशन रोजगार अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा लाभान्वित रोजगार एवं स्वरोजगार लाभार्थियों का पोर्टल पर शत-प्रतिशत अंकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोजगार संगम पोर्टल को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनाया जाए तथा युवाओं को अधिकाधिक रोजगार अवसरों से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में रोजगार मेला, करियर काउंसिलिंग एवं कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आगरा द्वारा जून 2026 से मार्च 2027 तक कुल 84 करियर काउंसिलिंग कार्यशालाओं के आयोजन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से 42 कार्यशालाएं शहरी क्षेत्रों के इंटरमीडिएट कॉलेजों में आयोजित की जाएंगी, जिनमें कक्षा 10 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को कैरियर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार अगस्त 2026 से जनवरी 2027 तक विश्वविद्यालयों एवं अन्य स्नातक/परास्नातक संस्थानों में 10 कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जून 2026 से मार्च 2027 तक कुल 35 रोजगार मेलों के आयोजन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन रोजगार मेलों का आयोजन जनपद की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जून 2026 से जनवरी 2027 तक चरणबद्ध रूप से किया जाएगा, जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रोजगार मेलों के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें तथा अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के समस्त सरकारी विभागों एवं उनके अधीनस्थ कार्यालयों तथा संस्थाओं में प्राथमिकता के आधार पर सेवामित्र पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का उपयोग किया जाए। केवल उन्हीं सेवाओं की आपूर्ति अन्य माध्यमों से की जाए जो सेवामित्र पोर्टल पर उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, स्थानीय रोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा तथा सेवा उपलब्धता की प्रक्रिया अधिक सुगम एवं जवाबदेह तय की जायेगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, डीसी मनरेगा, लीड बैंक मैनेजर सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।
..................