पार्किंग विवाद में जानलेवा हमला करने का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार, एकता थाना पुलिस की कार्रवाई
आगरा। फ्लैट की पार्किंग को लेकर हुए विवाद में वादी और उसके भाई पर लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने के मामले में थाना एकता पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार क्षेत्र से दबोचा गया। पुलिस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, वादी ने थाना एकता में दर्ज कराई तहरीर में बताया था कि उसने बुलंद सिटी सोसाइटी में रविंद्र सिंह राजपूत को फ्लैट दिलवाया था। इसी दौरान पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रविंद्र सिंह राजपूत, महावीर, जवाहर और उनके 7-8 अन्य साथियों ने पहले फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपी मौके पर पहुंचे और वादी व उसके भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने कुल्हाड़ी से भी वार किया, जिससे दोनों घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के संबंध में थाना एकता में मुकदमा संख्या 218/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त नगर के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी रविंद्र सिंह राजपूत पुत्र बृजेंद्र सिंह राजपूत को पूर्वी दिल्ली के थाना पांडव नगर क्षेत्र स्थित मयूर विहार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।