रीना दयाल हॉस्पिटल से बैग चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
आगरा। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने हॉस्पिटल के वेटिंग एरिया से बैग चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार वादी ने थाना ट्रांस यमुना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी भाभी का ऑपरेशन रीना दयाल हॉस्पिटल में हुआ था। वह उनसे मिलने हॉस्पिटल गया था और वेटिंग एरिया में बैठा हुआ था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका बैग चोरी कर लिया। बैग में 5,000 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पेन ड्राइव सहित अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना ट्रांस यमुना में मु.अ.सं. 216/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहनता से परीक्षण किया। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 60 फुटा रोड, कालिंदी विहार क्षेत्र से अभियुक्त अरमान को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 1,420 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
थाना ट्रांस यमुना पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से हॉस्पिटल में हुई चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा हो गया, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है।