रात के अंधेरे में घर में घुसकर चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, आभूषण और नकदी बरामद
आगरा। थाना एकता पुलिस ने घर में घुसकर आभूषण और नकदी चोरी करने की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और नकदी बरामद की है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार वादी ने थाना एकता में शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात अज्ञात चोर उसके घर में घुस गए और अलमारी में रखे आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर थाना एकता में मु.अ.सं. 274/2026 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बैम्बों रिसॉर्ट के पास से घटना में शामिल इमरान और मोहसिम को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान तीसरा आरोपी मोहम्मद हसन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक पीली धातु की अंगूठी, दो जोड़ी पीली धातु के झाले, एक पीली धातु की चैन (जिसमें काले मोती व चमकदार लॉकेट लगा है) तथा 450 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थाना एकता पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का सफल अनावरण हुआ है, जिससे क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।