न्यू आगरा पुलिस की कार्रवाई: अवैध तमंचा और कारतूस सहित युवक गिरफ्तार
आगरा। थाना न्यू आगरा पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग और गश्त के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना न्यू आगरा पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित चेकिंग एवं गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आनन्दी भैरव से यमुना नदी की ओर जाने वाले मार्ग पर एक व्यक्ति अवैध तमंचा लेकर खड़ा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान संदीप कुमार पुत्र अशोक कुमार के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर थाना न्यू आगरा में मुकदमा अपराध संख्या 241/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।