आगरा में महिला पर्यटक से चेन लूटने वाले बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, लूटी गई चेन बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 4 जून 2026

आगरा में महिला पर्यटक से चेन लूटने वाले बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, लूटी गई चेन बरामद

आगरा में महिला पर्यटक से चेन लूटने वाले बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, लूटी गई चेन बरामद

आगरा। ताजमहल घूमने आई महिला पर्यटक से चेन लूटकर फरार हुए दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चेन भी बरामद कर ली गई है।

जानकारी के अनुसार, 31 मई को आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले की रहने वाली माधवी लता ताजमहल का भ्रमण करने के बाद आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थीं। इसी दौरान शिल्पग्राम के पास वीआईपी रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया। एसीपी ताज सुरक्षा मयंक तिवारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने क्षेत्र के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाया गया।

मंगलवार रात इनर रिंग रोड स्थित गढ़ी देवरी क्षेत्र में पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैरों में लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहगंज क्षेत्र की राधे वाली गली निवासी अंसार और करन के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला पर्यटक से लूटी गई चेन बरामद कर ली है।

एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं। अंसार के खिलाफ 12 और करन के खिलाफ 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में भी दोनों लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को पर्यटक सुरक्षा के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे ताजमहल क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों के बीच सुरक्षा का विश्वास और मजबूत होगा।

video

Pages