प्रधान पुत्र हत्याकांड का खुलासा: पुलिस की रिवाल्वर छीनकर भागने लगे शॉर्प शूटर, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 4 जून 2026

प्रधान पुत्र हत्याकांड का खुलासा: पुलिस की रिवाल्वर छीनकर भागने लगे शॉर्प शूटर, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

प्रधान पुत्र हत्याकांड का खुलासा: पुलिस की रिवाल्वर छीनकर भागने लगे शॉर्प शूटर, मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

आगरा। जैतपुर क्षेत्र में प्रधान पुत्र अवनीश यादव की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हथियार बरामदगी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर हमला कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाश घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार थाना चित्राहाट क्षेत्र के शाहपुर गुर्जर गांव निवासी प्रधान रामश्री यादव के पुत्र अवनीश यादव सोमवार रात अपने भाई उपेंद्र यादव और बेटे के साथ कार से घर लौट रहे थे। इटावा स्टेट हाईवे पर रामनगरिया के पास बाइक और कार सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की बौछार से कार का टायर फट गया और वाहन रुक गया।

कार रुकते ही बदमाशों ने चारों ओर से घेर लिया और अवनीश यादव के सीने में गोली मार दी। हमले में उनके भाई उपेंद्र यादव के हाथ में भी गोली लगी, जबकि कार में मौजूद अवनीश का बेटा सीट के पीछे छिपकर किसी तरह बच गया। बच्चे ने बाद में पुलिस को बताया कि उसकी आंखों के सामने हमलावरों ने उसके पिता की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी चुनावी रंजिश सामने आई। बताया गया कि वर्ष 2016 से पूर्व प्रधान और रामश्री यादव के बीच विवाद चला आ रहा था तथा पहले भी हमले की घटनाएं हो चुकी थीं।

जांच के आधार पर पुलिस ने हत्या के आरोप में कृष्णा यादव पुत्र सुखवीर यादव और शिव प्रताप उर्फ गेंदा पुत्र मुकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों को हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए उदी रोड से कूकापुर जाने वाले मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास के पास लेकर पहुंची।

इसी दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी शिव प्रताप उर्फ गेंदा ने एक उपनिरीक्षक की सरकारी रिवाल्वर छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। दूसरे आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। दोनों आरोपी थाना चित्राहाट क्षेत्र के शाहपुर गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

video

Pages