गिलट-निकिल कारखाने में लाखों की चोरी का खुलासा: जगदीशपुरा पुलिस ने आरोपी को दबोचा, चोरी की पायल बरामद
आगरा। थाना जगदीशपुरा पुलिस ने गिलट और निकिल के कारखाने में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 227 गिलट की पायल बरामद कर ली हैं।
पुलिस के अनुसार वादी ने थाना जगदीशपुरा में तहरीर देकर बताया कि उसके यहां गिलट की पायल बनाने का कार्य मजदूरों के माध्यम से कराया जाता है। रात के समय अज्ञात चोर कारखाने के पीछे लगे एयर वेंट (एयरजॉस्ट) को तोड़कर अंदर घुस गए और करीब 200 किलोग्राम गिलट की पायल तथा लगभग 175 किलोग्राम निकिल चोरी कर फरार हो गए। मामले में थाना जगदीशपुरा पर मु0अ0सं0 371/2026 के तहत धारा 331(4)/305(ए) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए थाना जगदीशपुरा पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दीपक उर्फ सटकुआ को 08 नंबर फाटक रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई 227 गिलट की पायल (सफेद धातु) बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी से चोरी की वारदात के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी भी प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
थाना जगदीशपुरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों और चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।