बेटी के कान से कुंडल छीनने वाले दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, मलपुरा पुलिस ने घटना का किया खुलासा
आगरा। थाना मलपुरा पुलिस ने छिनैती की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छीना गया कुंडल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक चाकू और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पश्चिमी जोन के प्रभारी पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सैंया के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मलपुरा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार वादी हीरा सिंह, निवासी अभयपुरा (आगरा) ने थाना मलपुरा में तहरीर देकर बताया कि वह अपनी पुत्री के साथ उसकी ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उनकी पुत्री के कान से सोने का कुंडल छीनकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर थाना मलपुरा में मु0अ0सं0 292/2026 के तहत धारा 304 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के अनावरण के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पथौली रेलवे पुल के पास से घटना में शामिल दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक पीली धातु का कुंडल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक चाकू तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामदगी और विवेचना के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/61(2) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की भी बढ़ोतरी की गई।
थाना मलपुरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से छिनैती की घटना का सफल खुलासा हुआ है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय लुटेरों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्यशैली का संदेश गया है।