संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल: बिहार से लापता मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को आगरा पुलिस ने परिजनों से मिलाया
आगरा। थाना हरीपर्वत पुलिस ने मानवता और संवेदनशील पुलिसिंग का परिचय देते हुए बिहार के बेगूसराय जिले से लापता एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिलवा दिया। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजन भावुक हो गए और उन्होंने आगरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई व मानवीय पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त नगर के पर्यवेक्षण में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सहायक पुलिस आयुक्त हरीपर्वत के नेतृत्व में थाना हरीपर्वत पुलिस टीम क्षेत्र में पैदल गश्त कर रही थी। इसी दौरान विजय नगर क्षेत्र में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक अकेले भटकता हुआ मिला। युवक अपने बारे में या अपने परिजनों की कोई जानकारी नहीं दे पा रहा था।
पुलिस टीम ने अथक प्रयास कर युवक की पहचान सुनिश्चित की। जांच में पता चला कि वह बिहार के बेगूसराय जनपद के थाना साहेबपुर कमाल क्षेत्र से गुमशुदा था, जिसकी गुमशुदगी संबंधित थाने में पहले से दर्ज थी। युवक की सकुशल बरामदगी कराने वाले व्यक्ति के लिए उसके परिजनों ने तीन हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था तथा उसकी तलाश के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से अपील जारी की गई थी।
पहचान की पुष्टि होने के बाद थाना हरीपर्वत पुलिस ने थाना साहेबपुर कमाल पुलिस और युवक के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। परिजनों के आगरा पहुंचने पर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
काफी समय बाद अपने बेटे को सुरक्षित देखकर परिजनों की आंखें नम हो गईं। उन्होंने आगरा पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।