दहेज हत्या के मामले में वांछित पति गिरफ्तार, फतेहाबाद पुलिस ने भेजा जेल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 3 जून 2026

दहेज हत्या के मामले में वांछित पति गिरफ्तार, फतेहाबाद पुलिस ने भेजा जेल

दहेज हत्या के मामले में वांछित पति गिरफ्तार, फतेहाबाद पुलिस ने भेजा जेल

आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में वांछित चल रहे आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को प्रतापपुरा मोड़ के पास से दबोचा।

प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि थाना पिढौरा क्षेत्र के गांव आसेकापुरा निवासी सोमवीर पुत्र गंगा सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार उनकी बहन का विवाह 22 नवंबर 2025 को थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव बमरौली निवासी सत्यवीर पुत्र रामलक्षिन के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर महिला को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

आरोप है कि 15 मई को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर पति सहित अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस तभी से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

मंगलवार को कार्रवाई करते हुए फतेहाबाद पुलिस ने मुख्य आरोपी पति सत्यवीर को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

video

Pages