बाह पुलिस की कार्रवाई: अवैध तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
आगरा। थाना बाह पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त बाह के नेतृत्व में क्षेत्र में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक बाह को चोरी, लूट, छिनैती एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस के अनुसार 1 जून 2026 को थाना बाह पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम चौरंगाहार के पास नहर की पुलिया से पवन यादव उर्फ बिल्ला पुत्र अनिल यादव को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना बाह में मु0अ0सं0 101/26, धारा 9/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।