आगरा में फैक्ट्री चोरी का खुलासा: सिकंदरा पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा, चोरी का माल और इको वैन बरामद
आगरा। थाना सिकंदरा पुलिस ने फैक्ट्री में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई बैटरियां, इन्वर्टर, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त इको वैन बरामद की है। वहीं मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार थाना सिकंदरा क्षेत्र स्थित थैंक्स एक्सपोर्ट्स फैक्ट्री के मैनेजर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात सीएमएक्स सिक्योरिटी सर्विस का गार्ड पंकज कुमार अपने दो साथियों के साथ 16 जून 2026 की रात फैक्ट्री परिसर में घुस गया और वहां से एक एसी, दो बैटरियां, एक इन्वर्टर, 40 लीटर डीजल से भरी दो कैन, करीब दो कुंतल पुराना लोहे का सामान, दो स्टैंड फैन सहित अन्य सामग्री चोरी कर ले गया।
शिकायत के आधार पर थाना सिकंदरा में मु0अ0सं0 301/2026 के तहत धारा 305(ए)/306 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अतुल कुमार पुत्र स्वर्गीय राम प्रसाद को केशव फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई दो बैटरियां, एक इन्वर्टर, 450 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त इको वैन (UP-87 Y-8690) बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और चोरी में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर चोरी के बाकी सामान की बरामदगी की जाएगी।
सिकंदरा पुलिस की इस कार्रवाई से फैक्ट्री चोरी की घटना का महत्वपूर्ण खुलासा हुआ है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।