मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार विरोधी अंतरराष्ट्रीय दिवस पर मद्यनिषेध विभाग द्वारा संगोष्ठी का हुआ आयोजन, नशामुक्त समाज का लिया गया संकल्प - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 26 जून 2026

मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार विरोधी अंतरराष्ट्रीय दिवस पर मद्यनिषेध विभाग द्वारा संगोष्ठी का हुआ आयोजन, नशामुक्त समाज का लिया गया संकल्प

मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार विरोधी अंतरराष्ट्रीय दिवस पर मद्यनिषेध विभाग द्वारा संगोष्ठी का हुआ आयोजन, नशामुक्त समाज का लिया गया संकल्प

जादू-शो के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों पर किया गया जनजागरूकता अभियान।

प्रतिभागियों को नशामुक्ति की दिलाई गई शपथ तथा प्रचार-प्रसार सामग्री  की गई वितरित।

नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है-क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी

आगरा:-मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार विरोधी अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर "नशा मुक्त भारत अभियान" के अंतर्गत मद्यनिषेध  विभाग, आगरा द्वारा ओम शांति वाटिका, वंशी विहार कॉलोनी, मगन फार्म, दहतोरा रोड, जनपद आगरा में एक मद्यनिषेध  संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी में उपस्थित जनसमूह से नशे से दूर रहने की अपील की गई तथा नशे के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी, आगरा आलोक कुमार ने कहा कि हमारे देश में लाखों लोग नशे का सेवन करते हैं, जिनमें महिलाएँ भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नशे के कारण प्रतिवर्ष हजारों लोगों की मृत्यु होती है तथा यह व्यक्ति, परिवार और समाज को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रीतम सिंह साकेत ने भी उपस्थित लोगों से नशा न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
संगोष्ठी में उप क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी भूपेश कुमार, सतीश उपाध्याय, योगाचार्य  हरेंद्र मिश्रा, एनटीटीएफ यूनिट प्रभारी, आबकारी निरीक्षक शैलेश कुमार, अमित कुमार तथा राजकीय अनुसूचित जाति बालक छात्रावास के अधीक्षक मनोज कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान जादू-शो के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता उत्पन्न की गई। साथ ही उपस्थित लोगों को प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
-------------------

video

Pages