निर्माणाधीन अंडरपास पर चल रहा था जुए का फड़, मलपुरा पुलिस ने चार जुआरियों को दबोचा
आगरा। जुआ और सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मलपुरा पुलिस ने हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, ताश के पत्ते और अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन, प्रभारी पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सैंया के नेतृत्व में अपराधियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 जून 2026 को थाना मलपुरा पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग एवं गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आगरा-ग्वालियर रोड स्थित निर्माणाधीन अंडरपास के ऊपर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और चार जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते, 3,420 रुपये नकद, एक अधजली मोमबत्ती तथा एक बिना जली मोमबत्ती बरामद की। बरामदगी के आधार पर थाना मलपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 282/2026 के तहत धारा 13-जी जुआ अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।