आगरा में सड़क हादसे के बाद उपद्रव और जाम लगाने के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद उपद्रव, मार्ग अवरुद्ध करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर फिरोजाबाद रोड स्थित ओम साई हॉस्पिटल के पास से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, फतेहाबाद-फिरोजाबाद रोड पर ग्राम पूठपुरा उझावली के निकट हुई एक सड़क दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इस दौरान एक व्यक्ति की मृत्यु हो जाने से आक्रोशित परिजनों और अन्य लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
पुलिस द्वारा जाम समाप्त कराने और लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए सड़क अवरुद्ध कर दी तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए उपद्रव किया।
घटना के संबंध में थाना फतेहाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 165/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में वांछित आरोपियों की तलाश के लिए थाना फतेहाबाद पुलिस लगातार अभियान चला रही थी। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्रीचन्द्र पुत्र पीतम्बर को ओम साई हॉस्पिटल के पास, फिरोजाबाद रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।