आगरा में फायर सेफ्टी को लेकर पुलिस का सघन अभियान, कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी में की गई जांच - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 25 जून 2026

आगरा में फायर सेफ्टी को लेकर पुलिस का सघन अभियान, कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी में की गई जांच

आगरा में फायर सेफ्टी को लेकर पुलिस का सघन अभियान, कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी में की गई जांच

आगरा। पुलिस कमिश्नरेट आगरा ने शहर में फायर सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देश पर कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, होटल, शॉपिंग मॉल, हॉस्पिटल और जिम सेंटरों में व्यापक स्तर पर जांच की गई तथा संचालकों और विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार मुख्य अग्निशमन अधिकारी और विभिन्न थाना प्रभारियों की टीमों ने उन संस्थानों का निरीक्षण किया जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी और आम नागरिक आते-जाते हैं। अभियान का उद्देश्य फायर सेफ्टी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करना तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए लोगों को जागरूक करना रहा।

अभियान के तहत शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 10 कोचिंग सेंटर, 10 लाइब्रेरी तथा अन्य संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान जहां भी कमियां पाई गईं, वहां संबंधित प्रबंधन को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में उन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए।

अग्निशमन विभाग की टीमों ने विद्यार्थियों, कर्मचारियों और संस्थान प्रबंधन को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों, आपातकालीन निकासी प्रक्रिया और फायर सेफ्टी उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन किसी भी दुर्घटना को रोकने के लिए बेहद आवश्यक है।

पुलिस कमिश्नरेट का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर के सभी प्रमुख संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

video

Pages