भगवान राम और हनुमान पर कथित टिप्पणी को लेकर आगरा में स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ प्रदर्शन, मुखौटा पहनाकर किया प्रतीकात्मक विरोध
आगरा। भगवान राम और वीर हनुमान पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शनिवार को आगरा में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान संगठन के एक कार्यकर्ता को स्वामी प्रसाद मौर्य का मुखौटा पहनाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर और महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष निशा ठाकुर ने किया। कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से मुखौटा पहने युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांधे और उसे सड़क पर घसीटते हुए मानसिक चिकित्सालय तक ले गए।
मानसिक चिकित्सालय पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सांकेतिक रूप से उसका ओपीडी पर्चा कटवाया। इसके साथ ही प्रतीकात्मक रूप से जूते-चप्पलों से विरोध भी जताया। पूरे प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनकी कथित टिप्पणी की निंदा की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भगवान राम और वीर हनुमान पर की गई कथित टिप्पणी से करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मांग की कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्तियों को धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करना चाहिए और विवादित बयान देने से बचना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में पुलिस बल भी मौजूद रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।