आगरा में तीन दिन, तीन बड़ी आग की घटनाएं: शॉर्ट सर्किट बना सबसे बड़ा खतरा, टेंट हाउस में डेढ़ घंटे बाद बुझी भीषण आग
आगरा। शहर में लगातार सामने आ रही आग लगने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते तीन दिनों में आगरा में आग की तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को प्रमुख कारण माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि तीनों घटनाओं में समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से बड़ा जनहानि का हादसा टल गया।
शुक्रवार को गढ़ी भदौरिया स्थित एक कोठी में संचालित जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी। फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील केमिकल और संकरी सीढ़ियों के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालात ऐसे बने कि दमकल टीम को दीवार तोड़कर अंदर पहुंचना पड़ा, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इसके अगले दिन शनिवार को सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित गणपति गैलेक्सी अपार्टमेंट की पार्किंग में चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और स्कूटी में तेज धमाका हो गया। घटना से अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, हालांकि स्कूटी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक जांच में यहां भी शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई।
रविवार सुबह करीब 6:30 बजे शहर के एचपी गेट के पास स्थित प्रमोद टेंट हाउस में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए दूसरी टीम भी बुलानी पड़ी। आग बुझाने के लिए चार फायर लाइनें चलाई गईं और पानी की आपूर्ति बनाए रखने के लिए सीओडी से टैंकर मंगाए गए। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टेंट हाउस में लगी आग का कारण सबमर्सिबल पंप में हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इसके बाद आग वहां रखे टेंट, कपड़े, फोम और अन्य ज्वलनशील सामान में फैल गई, जिससे आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद अग्निशमन विभाग लोगों से बिजली के उपकरणों, वायरिंग और चार्जिंग डिवाइसों के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने की अपील कर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि समय-समय पर विद्युत फिटिंग की जांच और सुरक्षा मानकों का पालन करने से इस तरह की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।