अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस: मुख्यमंत्री योगी का सख्त संदेश, बोले— वाहन जब्त करें, मुकदमा दर्ज करें और उन्हीं से बनवाएं टूटी सड़कें - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 29 जून 2026

अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस: मुख्यमंत्री योगी का सख्त संदेश, बोले— वाहन जब्त करें, मुकदमा दर्ज करें और उन्हीं से बनवाएं टूटी सड़कें

अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस: मुख्यमंत्री योगी का सख्त संदेश, बोले— वाहन जब्त करें, मुकदमा दर्ज करें और उन्हीं से बनवाएं टूटी सड़कें

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आगरा में मंडलीय समीक्षा बैठक के दौरान कानून व्यवस्था, विकास कार्यों और अवैध खनन को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में अवैध खनन पर पूरी सख्ती के साथ रोक लगाई जाए और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर उनके वाहनों को जब्त किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध खनन में लगे भारी वाहन ग्रामीण क्षेत्रों की उन सड़कों पर चलते हैं, जिन्हें मात्र पांच टन भार क्षमता के अनुसार बनाया जाता है, जबकि इन पर 20 से 25 टन तक सामग्री लादी जाती है। इससे करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति समय से पहले क्षतिग्रस्त हो जाती है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन वाहनों से सड़कों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें जब्त कर उन्हीं के माध्यम से क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्निर्माण कराया जाए।

सड़क खोदकर छोड़ने वालों पर भी होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण और रखरखाव को लेकर भी अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सड़क खोदकर अधूरी छोड़ देने वाले व्यक्तियों, एजेंसियों या संस्थानों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जेल भी भेजा जाए। उन्होंने कहा कि जनता को खराब सड़कों और अधूरे कार्यों का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ेगा।

अक्टूबर तक पूरा हो आगरा मेट्रो और एयरपोर्ट का निर्माण

बैठक में मुख्यमंत्री ने आगरा मेट्रो परियोजना और आगरा एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का कार्य हर हाल में अक्टूबर तक पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री से उद्घाटन के लिए समय लिया जाएगा, इसलिए किसी भी स्तर पर देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

विधायकों के प्रस्तावों पर जल्द लें निर्णय

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान को निर्देश दिए कि प्रदेशभर के विधायकों द्वारा विकास कार्यों से संबंधित प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय लेकर स्वीकृत कार्यों को तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, मेट्रो और एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार की नीति भ्रष्टाचार, लापरवाही और अवैध गतिविधियों के प्रति पूर्णतः जीरो टॉलरेंस की है। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री का हल्का-फुल्का अंदाज भी आया नजर

समीक्षा बैठक के दौरान गंभीर मुद्दों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सहज और हास्यपूर्ण अंदाज भी देखने को मिला।

फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर और विधायक चौधरी बाबूलाल ने अपने क्षेत्र के धार्मिक स्थलों के विकास का प्रस्ताव रखा। इस पर मुख्यमंत्री मुस्कुराते हुए बोले, "बाबूलाल जी, धर्मस्थल का विकास तो करा दूंगा, लेकिन वादा करिए कि वहां पूजा-पाठ में भी लग जाओगे। पूजा-पाठ में लगने का समय है।" मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी सुनकर पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा।

बैठक की शुरुआत में भी मुख्यमंत्री ने चौधरी बाबूलाल को देखकर मजाकिया अंदाज में कहा, "अरे बाबूलाल जी, आप कहां जाकर बैठ गए हो? आपको तो सांसद राजकुमार चाहर के बराबर में बैठना चाहिए। आपकी सीट तो चाहर जी के बगल में है।" इस टिप्पणी पर भी मौजूद जनप्रतिनिधियों के चेहरे खिल उठे।

इसी तरह राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने आगरा कैंट क्षेत्र की जर्जर सड़क का मुद्दा उठाया और बताया कि छावनी परिषद, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग में कोई भी उसकी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। इस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कराते हुए कहा, "नवीन जी, इस सड़क से कहीं आपके ही तो डंपर नहीं गुजर रहे?" मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर एक बार फिर पूरा सभागार हंसी से गूंज उठा।

हालांकि इन हल्के-फुल्के पलों के बीच मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं तथा विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

video

Pages