मोहर्रम पर आगरा में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, सुल्तानगंज पुलिया के नीचे वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
आगरा। मोहर्रम के अवसर पर 26 जून को निकलने वाले ताजियों और जुलूसों को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।
यातायात पुलिस के अनुसार, शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि कुछ स्थानों पर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
सबसे महत्वपूर्ण बदलाव सुल्तानगंज पुलिया ओवरब्रिज को लेकर किया गया है। मोहर्रम के दौरान सुल्तानगंज पुलिया ओवरब्रिज के नीचे सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से बंद रहेगा, जबकि वाहनों को ओवरब्रिज के ऊपर से गुजरने की अनुमति होगी।
पालीवाल पार्क, पीर कल्याणी और सुल्तानगंज क्षेत्र से आने-जाने वाले वाहनों को जीवनी मंडी, वाटर वर्क्स और अन्य वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा। वहीं भगवान टॉकीज से कमला नगर और वाटर वर्क्स की ओर जाने वाले वाहनों को सर्विस रोड के बजाय ओवरब्रिज का उपयोग करना होगा।
धूलियागंज, सदर भट्टी और ढाकरान क्षेत्र में भी विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं। धूलियागंज चौराहे से सदर भट्टी और ढाकरान की ओर जाने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को सेंट जॉन्स और हरीपर्वत चौराहे से होकर अपने गंतव्य तक जाना होगा। पाय चौकी थाना कोतवाली क्षेत्र में निकलने वाले ताजियों को देखते हुए ढाकरान और सदर भट्टी की ओर ऑटो, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
एत्माद्दौला और यमुना किनारा क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था बदली गई है। एत्माद्दौला तिराहे से नए पुल (अंबेडकर पुल) पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वाहन रामबाग, वाटर वर्क्स और जीवनी मंडी होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। हालांकि दोपहिया और चारपहिया वाहन स्टैची पुल के रास्ते एत्माद्दौला आ-जा सकेंगे।
लोहामंडी और बोदला क्षेत्र में भी डायवर्जन लागू रहेगा। लोहामंडी से बोदला जाने वाले वाहनों को मंडीया कटरा, करकुंज और आवास विकास होकर जाना होगा, जबकि बोदला से लोहामंडी आने वाले वाहन कारगिल पेट्रोल पंप और करकुंज मार्ग का उपयोग करेंगे।
इसके अलावा रुई की मंडी, भोगीपुरा, सीओडी चौराहा, तहसील चौराहा, शाहगंज, सेंट जॉन्स, कोठी मीना बाजार, सदर भट्टी, बिजलीघर और सुभाष बाजार समेत कई क्षेत्रों में ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।
यातायात पुलिस ने बताया कि मोहर्रम के दौरान ताजियों को कर्बला ले जाने का समय निश्चित नहीं होता और शहर के विभिन्न मोहल्लों से अलग-अलग समय पर ताजिए निकलते हैं। ऐसे में स्थिति के अनुसार यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं।
पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी प्राप्त कर लें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करें, ताकि जुलूसों और आम यातायात दोनों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।