यूनिटी मॉल और शिवाजी म्यूजियम का प्रमुख सचिव ने किया औचक निरीक्षण, समय पर कार्य पूरा करने के दिए निर्देश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 25 जून 2026

यूनिटी मॉल और शिवाजी म्यूजियम का प्रमुख सचिव ने किया औचक निरीक्षण, समय पर कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

यूनिटी मॉल और शिवाजी म्यूजियम का प्रमुख सचिव ने किया औचक निरीक्षण, समय पर कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

आगरा। आगरा में निर्माणाधीन यूनिटी मॉल और शिवाजी म्यूजियम परियोजनाओं का बुधवार को प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप हो रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

प्रमुख सचिव के साथ जिलाधिकारी मनीष बंसल भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दोनों परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और निर्माण की प्रगति से उन्हें अवगत कराया।

अजय चौहान ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजनाओं के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने निर्माण स्थलों पर उपलब्ध संसाधनों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और तकनीकी पहलुओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कार्यों को और अधिक गति देने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों की प्रगति की सतत समीक्षा की जाए, ताकि दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें और आम जनता को उनका लाभ शीघ्र मिल सके।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड एवं भवन खंड के अधिशासी अभियंताओं सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन का मानना है कि यूनिटी मॉल और शिवाजी म्यूजियम के पूर्ण होने से आगरा के पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

video

Pages