आगरा में एमजी रोड की मजार शिफ्ट होने के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, तालाब की जमीन से मस्जिद, मजार और मंदिर हटाए गए - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 18 जून 2026

आगरा में एमजी रोड की मजार शिफ्ट होने के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, तालाब की जमीन से मस्जिद, मजार और मंदिर हटाए गए

आगरा में एमजी रोड की मजार शिफ्ट होने के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, तालाब की जमीन से मस्जिद, मजार और मंदिर हटाए गए

आगरा। एमजी रोड स्थित आगरा कॉलेज के सामने बनी मजार को शिफ्ट किए जाने के एक दिन बाद जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिचपुरी क्षेत्र के अंगूठी गांव में तालाब की भूमि पर बने धार्मिक ढांचों को हटवा दिया। प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में मस्जिद, मजार और मंदिर को बुलडोजर की सहायता से ध्वस्त कराया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह एमजी रोड पर आगरा कॉलेज के सामने स्थित मजार को निर्धारित प्रक्रिया के तहत हटाकर नागरी प्रचारिणी परिसर में स्थित दरगाह में स्थानांतरित किया गया था। इसके बाद बुधवार को जिला प्रशासन ने अंगूठी गांव में तालाब की भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया।

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, अंगूठी गांव में लगभग पांच एकड़ क्षेत्रफल वाले तालाब की जमीन पर वर्षों से मस्जिद, मजार और मंदिर का निर्माण कर लिया गया था। इस मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश के बाद कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई थी। दोनों पक्षों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे तथा मंदिर में स्थापित मूर्तियों को पहले ही सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया था।

बुधवार सुबह भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। बुलडोजर की सहायता से तालाब की भूमि पर बने सभी धार्मिक ढांचों को हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक और जल संरक्षण की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा न्यायालय और एनजीटी के आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद अब शहर के व्यस्त धाकरान चौराहे पर स्थित मजार को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिफ्ट किए जाने की तैयारी चल रही है। प्रशासनिक स्तर पर इसके लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

video

Pages