'पैसा दोगुना' करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, कमला नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आगरा। थाना कमला नगर पुलिस ने निवेश पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एसबीएनएल वर्ल्ड (SBNL World) के नाम पर लोगों से निवेश कराकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित आरोपी सत्यप्रकाश तित्तल को फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 से 2025 के बीच आरोपी ने कम समय में निवेश की गई राशि दोगुनी करने का लालच देकर लोगों का विश्वास जीता। इसके लिए आगरा के संजय प्लेस स्थित कार्यालय से विभिन्न निवेश योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया और लोगों से बड़ी मात्रा में धनराशि जमा कराई गई। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद निवेशकों को न तो उनकी मूल राशि वापस मिली और न ही किसी प्रकार का लाभांश दिया गया। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।
जांच में सामने आया कि आरके पुरम, ताजनगरी निवासी मनीष शर्मा सहित सात लोगों ने डीसीपी सिटी से शिकायत कर आरोप लगाया था कि सत्यप्रकाश तित्तल, उसकी पत्नी वर्षा तित्तल, विक्रांत तित्तल, विशाल तित्तल, युवराज सिंह, सपना सिंह, राहुल सोनी और कुसुमलता सोनी ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत उनसे करीब 2 करोड़ 26 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। आरोप है कि निवेशकों को भरोसे में लेने के लिए आरोपियों ने शपथ पत्र और अपने नाम के चेक भी दिए थे। बाद में जांच में यह भी सामने आया कि जिन शपथ पत्रों का सत्यापन बताया गया था, उनसे जुड़े अधिवक्ता का काफी पहले निधन हो चुका था।
पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी मिली कि आरोपी 15, 19 और 30 माह में रकम दोगुनी करने का दावा करता था। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने कार्रवाई से बचने के लिए स्वयं को बीमार बताकर अस्पताल भेजने का प्रयास किया, लेकिन मेडिकल परीक्षण में उसकी सभी रिपोर्ट सामान्य मिलने पर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पीड़ित थाना कमला नगर पहुंच गए। पुलिस गिरोह के अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है तथा उनके देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के खिलाफ अन्य मामले भी दर्ज हैं। थाना हरीपर्वत में भी सत्यप्रकाश तित्तल समेत अन्य आरोपियों के विरुद्ध प्लॉट दिलाने के नाम पर 48 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार आरोपी आलीशान जीवनशैली अपनाता था और अपने साथ कई बाउंसर रखता था, जिससे लोगों पर प्रभाव पड़ता था। थाना प्रभारी पवन सैनी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और ठगी की पूरी रकम का पता लगाने के लिए जांच जारी है। कमला नगर पुलिस की इस कार्रवाई को निवेशकों से ठगी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।