आगरा के होटल में दिल्ली के कारोबारी ने खुद को मारी गोली, खून से सनी लाश मिलने से सनसनी
ताजगंज के होटल में एक महीने से ठहरे थे फरजान अंसार, पुलिस जुटी आत्महत्या के कारणों की जांच में
आगरा। ताजमहल नगरी आगरा में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब ताजगंज क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में दिल्ली के एक कारोबारी का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान पश्चिमी दिल्ली निवासी फरजान अंसार के रूप में हुई है। शव के पास एक पिस्टल भी मिली है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार फरजान अंसार अपने भाई तारिक अहमद के साथ 20 मई को आगरा आए थे और ताजगंज क्षेत्र के टीडीआई मॉल स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। दोनों भाई प्रॉपर्टी संबंधी कार्य के सिलसिले में आगरा आए थे और पिछले लगभग एक महीने से होटल में रह रहे थे।
रविवार को होटल प्रबंधन द्वारा कारोबारी की मौत की सूचना थाना ताजगंज पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलने पर फरजान अंसार का शव खून से सना हुआ मिला। उनके हाथ के पास एक पिस्टल भी पड़ी थी, जिससे प्रथम दृष्टया खुद को गोली मारने की आशंका जताई जा रही है।
थाना ताजगंज पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ समय पहले तक फरजान अंसार सामान्य थे। उन्होंने अपने भाई को किसी काम से बाहर भेज दिया था। इसी दौरान कमरे में उन्होंने कथित रूप से खुद को गोली मार ली। जब भाई वापस लौटा तो घटना की जानकारी हुई।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मृतक की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की भी जांच की जाएगी। इसके अलावा मोबाइल फोन को भी कब्जे में लेकर आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।