आगरा में चेन लूट का विरोध करने पर ठेकेदार को मारी गोली, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार
भगवती ढाबे के पास हुई वारदात का खुलासा, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
आगरा। सिकंदरा क्षेत्र में ठेकेदार से सोने की चेन लूटने के प्रयास के दौरान गोली मारकर घायल करने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी को मौके से दबोच लिया गया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार रुनकता निवासी बंटी सिकरवार, जो एक फुटवियर कंपनी में ठेकेदार हैं, गुरुवार रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिकंदरा क्षेत्र में भगवती ढाबे के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन लूटने का प्रयास किया। बंटी ने साहस दिखाते हुए विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों की बाइकें असंतुलित होकर गिर गईं।
घटना के दौरान बंटी सिकरवार ने एक बदमाश को पकड़ लिया। अपने साथी को छुड़ाने के लिए दूसरे बदमाश ने बंटी के पेट में गोली मार दी और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल बंटी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद एसीपी हरीपर्वत अमीषा के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। शनिवार रात पुलिस को बदमाशों की सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गौरव और सनी उर्फ जयसूर्या के पैर में गोली लगी और दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं तीसरे आरोपी अशोक को भी मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सनी उर्फ जयसूर्या के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी गौरव पर लूट, छेड़छाड़ और चोरी जैसी धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अशोक के विरुद्ध भी गंभीर धाराओं में तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ की जा रही है और उनके अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को सिकंदरा पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय लुटेरों के गिरोह पर प्रभावी अंकुश लगा है।