बरहन में अपराधियों को पुलिस का कड़ा संदेश:थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी एंव एसएसआई गुडवीर सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था हुई और मजबूत
बरहन (आगरा)। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना बरहन पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। शनिवार को थानाध्यक्ष आशुतोष रघुवंशी और वरिष्ठ उपनिरीक्षक गुड़वीर सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ कस्बे के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) निकाला गया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना रहा।
फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अराजकता या अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसएसआई गुड़वीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों और अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने वालों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। पुलिस की मौजूदगी से सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह घूम रहे उपद्रवी तत्व वहां से हटते दिखाई दिए।
लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई और नियमित गश्त का असर अब क्षेत्र में दिखाई देने लगा है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस की सक्रिय कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि इससे अपराधियों में भय का माहौल बना है और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत थाना पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बरहन पुलिस का यह अभियान स्पष्ट करता है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।