अनियंत्रित ट्रक मेट्रो डिवाइडर तोड़कर घुसा, हाईवे पर लगा जाम; पुलिस ने क्रेन से हटाकर यातायात कराया बहाल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 18 जून 2026

अनियंत्रित ट्रक मेट्रो डिवाइडर तोड़कर घुसा, हाईवे पर लगा जाम; पुलिस ने क्रेन से हटाकर यातायात कराया बहाल

अनियंत्रित ट्रक मेट्रो डिवाइडर तोड़कर घुसा, हाईवे पर लगा जाम; पुलिस ने क्रेन से हटाकर यातायात कराया बहाल

आगरा। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब माल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर मेट्रो डिवाइडर को तोड़ते हुए उसमें घुस गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, हालांकि पुलिस और यातायात विभाग की तत्परता से यातायात को जल्द ही सामान्य कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या RJ14 GK 4465 रेनबो हॉस्पिटल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक मेट्रो डिवाइडर से टकराते हुए उसमें घुस गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिकंदरा पुलिस, सीसी टीम और यातायात पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगने लगी थीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाइड्रा क्रेन की सहायता से ट्रक को सड़क से हटवाया और बाधित यातायात को सुचारु कराया।

पुलिस की सक्रियता के चलते कुछ ही समय में मार्ग पर आवागमन सामान्य हो गया और यात्रियों को राहत मिली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने, सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

video

Pages