बंद मकानों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गैंग का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, एक फरार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 3 जून 2026

बंद मकानों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गैंग का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, एक फरार

बंद मकानों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गैंग का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, एक फरार

थाना एत्मादपुर और एसओजी सर्विलांस पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद

जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- आगरा पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान में एत्मादपुर थाना पुलिस और एसओजी सर्विलांस (पश्चिमी जोन) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी अभी भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और 5 हजार रुपए की नकदी बरामद की है।

मुखबिर की सूचना पर चौगान वाले कच्चे रोड से हुई आरोपियों की गिरफ्तारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 7 मई 2026 को वादी सोबरन सिंह निवासी फिरोजाबाद ने तहरीर दी थी कि एत्मादपुर के छलेसर स्थित उनके भाई विजेंद्र सिंह के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और एटीएम कार्ड पार कर दिए हैं। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। दिनांक 1 जून 2026 को गश्त के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। इसके बाद घेराबंदी कर चौगान कच्चा रोड से दो अभियुक्तों को दबोच लिया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।

आरोपी चोरी का माल बेचकर उड़ाते थे ऐश, अब जाना पड़ रहा जेल

पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि करीब 25 दिन पहले उन्होंने अपने तीसरे साथी कपूर के साथ मिलकर बंद मकान का ताला तोड़ा था। चोरी के बाद तीनों ने कपूर के घर जाकर माल आपस में बांट लिया। उन्होंने कुछ जेवरात बेच भी दिए थे, जिससे मिले 30 हजार रुपए उन्होंने आपस में बांटकर खर्च कर दिए। पुलिस ने उनके पास से बचे हुए जेवरात और 5 हजार रुपए बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी रवि पुत्र लल्लू सिंह निवासी यमुना ब्रिज स्टेशन रोड, रामबाग, थाना एत्माद्दौला, आगरा, सुमित पुत्र राकेश निवासी सेवला थाना सदर आगरा, फरार/वांछित आरोपी कपूर पुत्र नामालूम निवासी खंदारी बापू नगर आगरा शामिल हैं।  फरार आरोपियों की पकड़ के लिए पुलिस तलाश में जुटी हुई है। 

पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से चोरी का निम्नलिखित माल- 1 मंगलसूत्र (लॉकेट सहित पीली धातु, 2 कान के बाली (पीली धातु, 1 अंगूठी पीली धातु, 2 पायल (सफेद धातु, 5 हजार रुपए नगद बरामद किया है। 

गिरफ्तार किए गए अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं। आरोपी सुमित पर थाना एत्मादपुर और थाना सदर में चोरी व मारपीट के तीन गंभीर मामले दर्ज हैं, वहीं आरोपी रवि भी एत्मादपुर में दर्ज चोरी के मामले में वांछित था।

आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह थाना एत्मादपुर आगरा, एसआई सचिन कुमार प्रभारी सर्विलांस टीम, एसआई अभिषेक कुमार प्रभारी SOG टीम, एसआई अनुज कुमार, एसआई विनोद मलिक, एसआई अंकित शर्मा समेत एसओजी, सर्विलांस और थाना एत्मादपुर के मुख्य आरक्षी व आरक्षियों की सराहनीय भूमिका रही।

video

Pages