आगरा डीएम के सख्त निर्देश: काम न करने वाली आशाओं को हटाएं, 10 यूपीएचसी प्रभारियों के वेतन रोकने के आदेश, आयुष्मान कार्ड की त्रुटियां अब जिले में ही होंगी ठीक - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

आगरा डीएम के सख्त निर्देश: काम न करने वाली आशाओं को हटाएं, 10 यूपीएचसी प्रभारियों के वेतन रोकने के आदेश, आयुष्मान कार्ड की त्रुटियां अब जिले में ही होंगी ठीक

आगरा डीएम के सख्त निर्देश: काम न करने वाली आशाओं को हटाएं, 10 यूपीएचसी प्रभारियों के वेतन रोकने के आदेश, आयुष्मान कार्ड की त्रुटियां अब जिले में ही होंगी ठीक

आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कई सख्त निर्देश जारी किए। बैठक में जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत, संचारी रोग नियंत्रण अभियान और मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की गई।

जननी सुरक्षा योजना में लापरवाही पर कार्रवाई

बैठक के दौरान जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को भुगतान की समीक्षा में पाया गया कि जिला महिला अस्पताल, एसएन मेडिकल कॉलेज, बिचपुरी, फतेहाबाद, पिनाहट और खैरागढ़ में पूर्व में दिए गए निर्देशों का प्रभावी पालन नहीं किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए कड़ी नाराजगी जताई और उनके वेतन रोकने के निर्देश दिए।

डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक गर्भवती महिला का प्रसव से पहले और प्रसव के बाद बैंक खाता खुलवाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रसव के तुरंत बाद मेडिकल स्टाफ प्रसूता और उसके परिजनों को जननी सुरक्षा योजना की पूरी जानकारी दे तथा इंडियन पोस्टल पेमेंट बैंक के सहयोग से अस्पताल में ही बैंक खाता खुलवाकर उसके बाद ही डिस्चार्ज किया जाए।

10 यूपीएचसी प्रभारियों के वेतन रोकने के आदेश

आशाओं द्वारा कराए गए संस्थागत प्रसव की समीक्षा में यूपीएचसी छत्ता, नगला पदी, वैभव नगर, नया घेर, सेवला, लोहामंडी-1, शाहगंज-1, बल्केश्वर, जगदीशपुरा और हरीपर्वत-ईस्ट में शून्य डिलीवरी प्रदर्शन मिलने पर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित प्रभारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए।

काम न करने वाली आशाओं को हटाने की तैयारी

सीएमओ ने बैठक में बताया कि हाल ही में संचालित पोलियो अभियान में भी कई आशाओं का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि निष्क्रिय और काम न करने वाली आशाओं को चिन्हित कर उन्हें हटाने का प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

आयुष्मान कार्ड की त्रुटियां अब जिले में ही होंगी ठीक

बैठक में आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिछले महीने जिले में 4,781 आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। अब आयुष्मान कार्ड में पिता का नाम, पता, उम्र और गलत आधार नंबर जैसी त्रुटियों का सुधार जिला स्तर पर ही किया जा सकेगा। इससे लोगों को छोटी-छोटी त्रुटियों के सुधार के लिए लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा। जिलाधिकारी ने ऐसे सभी मामलों का सर्वे कर शेष पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड जल्द बनवाने के निर्देश दिए।

डेंगू और जन्मजात बीमारियों पर भी दिए निर्देश

संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू जांच किट उपलब्ध कराने और बुखार के प्रत्येक मरीज की अनिवार्य जांच कराने के निर्देश दिए। वहीं जन्मजात विकार जैसे फटे होंठ, तालु, जन्मजात बहरापन और डाउन सिंड्रोम से प्रभावित बच्चों की पहचान के लिए स्कूलों में सर्वे कराने तथा जिला अस्पताल में बर्थ डिफेक्ट सर्जरी और सुनने की जांच के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को तय समय में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने होंगे।

video

Pages