आगरा पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अरुण सिंह, राम मंदिर विवाद पर विपक्ष पर साधा निशाना
आगरा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. अरुण सिंह ने गुरुवार को आगरा में राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो दल आज राम मंदिर को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वही पहले कारसेवकों पर गोलियां चलाने और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने का काम करते रहे हैं। ऐसे लोग अब राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को हवा देने का प्रयास कर रहे हैं।
डॉ. अरुण सिंह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती स्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत भाजपा जिला आगरा द्वारा जयपुर हाउस स्थित महाजन भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने की। सम्मेलन के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मामले की एसआईटी जांच कर रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और राम मंदिर का निर्माण समाज तथा कारसेवकों के लंबे संघर्ष का परिणाम है। ऐसे संवेदनशील विषयों पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. अरुण सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, संगठन और अखंड भारत के संकल्प का प्रतीक रहा है। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के विचारों और आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस परिवर्तन का महत्वपूर्ण भागीदार है।
डॉ. अरुण सिंह ने यह भी कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जम्मू-कश्मीर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने उसकी जांच तक नहीं कराई। उन्होंने कहा कि आज भाजपा उनके राष्ट्रवादी विचारों को आगे बढ़ाते हुए उनके सपनों को साकार करने का कार्य कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने बताया कि जयंती स्मरण पखवाड़ा के दौरान जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदोरिया ने संगठन की आगामी कार्ययोजना, बूथ सशक्तिकरण, सदस्य संपर्क अभियान और भविष्य के कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। सम्मेलन के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।