आगरा पुलिस का साइबर अपराधियों पर बड़ा प्रहार, 100 से अधिक ठिकानों पर रेड; 60 साइबर ठग गिरफ्तार
आगरा। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आगरा पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 100 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। इस संयुक्त अभियान में पुलिस ने 60 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह देश के 13 राज्यों में 50 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी को अंजाम दे चुका है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में 16 मुकदमे दर्ज हैं।
डीसीपी पश्चिम आदित्य ने बताया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के पोर्टल पर हाल ही में 178 शिकायतें दर्ज हुई थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद एनसीआरबी ने संबंधित जिलों को सूचनाएं भेजीं। आगरा पुलिस को इनपुट मिलने पर पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोन में समन्वित अभियान चलाया गया और 100 से अधिक संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम मंगाने के लिए करते थे। ये अपराधी विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को झांसे में लेकर ठगी की रकम इन्हीं खातों में ट्रांसफर कराते थे और फिर रकम को अलग-अलग खातों में भेजकर निकाल लेते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के नेटवर्क और उनके वित्तीय लेनदेन की गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य किन राज्यों में सक्रिय हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी गिरफ्तारी और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगरा पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के समय में साइबर अपराध के खिलाफ सबसे बड़े अभियानों में से एक माना जा रहा है, जिससे अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क पर बड़ी चोट पहुंची है।