आगरा सुभाष बाजार हादसा: लापता महिला की तलाश जारी, मुख्य अभियंता को नोटिस, अवर अभियंता पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति
आगरा। सुभाष बाजार में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे के बाद भी लापता महिला का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। गुरुवार सुबह से पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमों ने एक बार फिर राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक मलबे और नाले में लगातार खोजबीन जारी थी।
बुधवार को सुभाष बाजार स्थित साड़ी की दो मंजिला दुकान अचानक नाले में धंस गई थी। हादसे के समय दुकान के अंदर मौजूद पांच लोग मलबे में दब गए थे। रेस्क्यू अभियान के दौरान चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन गंगा देवी का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। महिला की तलाश में रेस्क्यू का दायरा बढ़ा दिया गया है और भारी मशीनों के साथ मैनुअल सर्च भी जारी है।
हादसे के बाद नगर निगम प्रशासन ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जबकि क्षेत्रीय अवर अभियंता ललित अग्रवाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
नगर आयुक्त के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त द्वारा कराई गई जांच में सामने आया कि जर्जर भवनों और दुकानों का समय-समय पर तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक नोटिस जारी करना संबंधित अभियंत्रण अधिकारियों की जिम्मेदारी थी। जांच में पाया गया कि संबंधित अधिकारियों ने इस दिशा में अपेक्षित सतर्कता और तकनीकी निरीक्षण नहीं किया, जिसे गंभीर प्रशासनिक और तकनीकी लापरवाही माना गया है।
दूसरी ओर, हादसे से आक्रोशित व्यापारियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए घटना के लिए विभागीय लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जर्जर भवनों का निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की गई होती तो इस बड़े हादसे को टाला जा सकता था।
फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान लापता महिला की तलाश पर केंद्रित है। मौके पर पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और नगर निगम की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, जबकि पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।