आगरा में फिर धंसी सड़क, बीच रास्ते बना 10 फीट गहरा गड्ढा, हादसे का बढ़ा खतरा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 22 जुलाई 2026

आगरा में फिर धंसी सड़क, बीच रास्ते बना 10 फीट गहरा गड्ढा, हादसे का बढ़ा खतरा

आगरा में फिर धंसी सड़क, बीच रास्ते बना 10 फीट गहरा गड्ढा, हादसे का बढ़ा खतरा

आगरा। शहर में सड़क धंसने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कमला नगर के बाद अब कालिंदी विहार डी-ब्लॉक में मुख्य सड़क अचानक धंस गई, जिससे सड़क के बीचों-बीच करीब 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने बड़े हादसे की आशंका जताई है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार सड़क धंसने के बाद एक गाय भी गहरे गड्ढे में गिर गई थी, जिसे लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि घटना के समय कोई राहगीर या वाहन चालक इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कालिंदी विहार की इस सड़क का निर्माण कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। कई बार क्षेत्रीय पार्षद, विधायक और संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई। मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका।

लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के नाम पर केवल मिट्टी और मलबा डालकर खानापूर्ति की गई। लगातार बारिश और सीवर लाइन में लीकेज के कारण सड़क अंदर से कमजोर होती चली गई, जिसके चलते यह धंस गई।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाए, सीवर लीकेज की समस्या का समाधान किया जाए और गड्ढे के आसपास सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जन आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

video

Pages